डॉ0 हरि नाथ मिश्र

गीत(16/14)
डाल-पात सब झूम रहे हैं,
धरती पर हरियाली है।
नाच रहे हैं मोर छबीले-
मस्त घटा घन काली है।।

हरी-भरी सीवानें झूमें,
कृषक झूमते फसलें देख।
ताल-तलैया-नदी झूमती,
लख, गगन-घन काली रेख।
धरती का हर कोना झूमें-
अन्न भरी हर थाली है।।
     मस्त घटा घन काली है।।

जब भी बहे पवन पुरुवाई,
काले बादल छाते हैं।
छोटी-छोटी रिम-झिम बूँदें,
लखकर मन हर्षाते हैं।
मगन-मुदित सब नाचें-गाएँ-
सुषमा प्रकृति निराली है।।
      मस्त घटा घन काली है।।

चपला-चमक,गरज घन सुनकर,
विरहन का मन चिहुँक उठे।
मधुर मिलन की तड़प-अगन से,
जियरा उसका झुलस उठे।
फिर वह नाचे भीग-भीग कर-
लगती वह मतवाली है।।
      मस्त घटा घन काली है।।

हरियाली से सुख है मिलता,
वातावरण स्वस्थ रहता।
 बाग-बगीचे हरे न रहते,
यदि जल इधर-उधर बहता।
बाग-बगीचा रखे हरा जो-
सच्चा वह ही माली है।।
    मस्त घटा घन काली है।।
           डॉ0हरि नाथ मिश्र
              9919446372

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

गीत- दिन से क्या घबराना दिन तो आते जाते हैं....... दयानन्द त्रिपाठी व्याकुल

गीत- दिन से क्या घबराना दिन तो आते जाते हैं....... चुप्पी  के   दिन खुशियों के दिन भीगे सपनों की बूंदों के दिन, आते जाते हैं, दि...