डॉ0 हरि नाथ मिश्र

*गीत*(16/14)
कुछ भी नहीं सरल है जग में,
जीवन है संघर्ष भरा।
पर देता संघर्ष मधुर फल-
करता तरु भी शुष्क हरा।

तिनका-तिनका चुनकर पक्षी,
अपना गृह-निर्माण करे।
उसी घोंसले में वह रहता,
तूफानों से  बिना डरे।
जग रहता संघर्षशील ही-
कठिनाई से बिना डरा।।
     करता तरु भी शुष्क हरा।।

सोना तपकर कंचन बनता,
मथे दही से घृत निकले।
श्रम-बूदों के संघर्षों से,
गलकर ही पत्थर पिघले।
खाकर रगड़ शिला पर,देखो-
रूप हिना का हो निखरा।।
    करता तरु भी शुष्क हरा।।

सिंधु-उर्मियों से लड़ नाविक,
नौका को उस पार करे।
ऊँची उठें भले लहरें भी,
वह बढ़ जाता बिना डरे।
इसी राज को जिसने समझा-
जीवन उसका है सँवरा।।
     करता तरु भी शुष्क हरा।।

करे उजाला बाती जलकर,
तम-उर फाड़ प्रभात बने।
कभी न उगतीं फसलें प्यारी,
बिना पसीना बूँद सने।
जीवन तो संघर्ष एक है-
ग्रंथों में है यही धरा।।
      करता तरु भी शुष्क हरा।।
                 "©डॉ0हरि नाथ मिश्र
                       9919446372

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

दयानन्द त्रिपाठी निराला

पहले मन के रावण को मारो....... भले  राम  ने  विजय   है  पायी,  तथाकथित रावण से पहले मन के रावण को मारो।। घूम  रहे  हैं  पात्र  सभी   अब, लगे...